मंडलायुक्त कार्यालय में आयोजित शक्ति संवाद में पीड़ितों की फरियाद सुनतीं अपर आयुक्त मीनू राणा।
गोंडा। देवीपाटन मंडल मुख्यालय पर आयोजित मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद में सोमवार को महिला जनसुनवाई में अपर आयुक्त मीनू राणा ने 11 महिलाओं की समस्याएं सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक उत्पीड़न, वरासत और पुलिस कार्रवाई में लापरवाही जैसे मामले छाए रहे। इस पर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सदर तहसील के ग्राम परेड सरकार की वंदना देवी ने बताया कि 17 अप्रैल 2025 को पति के निधन के बाद वरासत के लिए आवेदन किया गया, लेकिन नाम में त्रुटि बताकर उसे निरस्त कर दिया गया। जबकि ग्राम प्रधान ने दोनों नाम एक ही व्यक्ति के होने की पुष्टि की है।
कटरा बाजार की नेहा तिवारी ने कहा कि वर्ष 2023 में खरीदी गई भूमि पर 27 नवंबर 2025 को कुछ लोगों ने जबरन कब्जा करने का प्रयास किया और विरोध करने पर पिटाई कर दी। घर में घुसकर अभद्रता भी की गई। कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर उन्होंने एफआईआर दर्ज कराने और कब्जा हटवाने की मांग की। अपर आयुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को जांच कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।