नवाबगंज में ब्योंदा बाजार से ब्योंदा माझा गांव जाने वाली टूटी सड़क। - संवाद
गोंडा। देवीपाटन मंडल के गोंडा व श्रावस्ती जिले में 3.24 करोड़ की लागत से लघु व दीर्घ सेतु की मरम्मत कार्य किए जाएंगे। इससे जहां यातायात के लिए मार्ग सुगम होगा। वहीं, हादसे के खतरे को कम किया जा सकेगा। यहां सुरक्षात्मक के साथ ही पहुंच मार्ग समेत अन्य जरूरी काम किए जाएंगे। इसके लिए लोकनिर्माण विभाग के सेतु विंग ने स्वीकृति दी है।
पीडब्ल्यूडी के निर्माण खंड एक के एक्सईएन सुरेश राम ने बताया कि नवाबगंज ढेमवाघाट ब्योंदा बहादुरपुर रोड पर और झंझरी तरबगंज रोड के चौबेपुर नाला पर क्षतिग्रस्त तटबंध, बोल्डर पिचिंग, फिल्टर, ड्रेनेज रेलिंग मरम्मत कार्य किए जाएंगे। क्राॅस बैरियर व पहुंच मार्ग भी दुरुस्त होगा।
अधिकारियों ने बताया कि देवीपाटन मंडल के करनैलगंज, मेहनौन, भिनगा व श्रावस्ती विधानसभा में कुल 11 लघु व दीर्घ सेतु मरम्मत के लिए स्वीकृति मिली है। स्थानीय लोगों ने विधायक व जन प्रतिनिधियों से लगातार मांग कर रहे हैं। वहीं, हादसे का खतरा बना हुआ था। लोक निर्माण विभाग के सेतु विंग से कुल 3.24 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इसमें से 64.88 लाख रुपये जारी किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने काम शुरू करने के लिए कवायद तेज कर दी है। जल्द ही जरूरी सुरक्षात्मक उपाय किए जाएंगे।
यहां भी होंगे मरम्मत के जरूरी कार्य
करनैलगंज के चचरी प्रह्लादगंज मार्ग से कुन्नपुरवा होते हुए नौशहरा मार्ग पर करईनाला, चचरी प्रतापपुर नकहरा संपर्क मार्ग के सोतिया नाले, कटरा शाहबाजपुर से अल्लीपुर गोकुला मार्ग पर सोतिया नाले, सरयू स्टेशन चचरी माझा भौरीगंज मार्ग के झिंगही नाला, मेहनौन के पारासराय अलावा देवारिया मार्ग कुनमुनपुरवा मार्ग, धानेपुर के दतौली मार्ग से दसकपुरवा गैनपुरवा काशीदासपुरवा होते हुए मुगरौल मंदिर मार्ग, पारासराय अलावल देवरिया मार्ग, भिनगा के बहराइच-ककरदरी उल्टहवा नाले, जमुनहा जोगिया संपर्क मार्ग बम्बा घाट निर्मित सेतु के क्षतिग्रस्त विंगवाल और पहुंच मार्ग की मरम्मत समेत अन्य जरूरी काम किए जाएंगे।