गोंडा। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान से जिले में 18.70 करोड़ की लागत से 11 कस्तूरबा आवासीय छात्रावास बनेंगे। हर ब्लॉक में इंटर कॉलेज में पढ़ाई करने वाली छात्राओं को आवास की सुविधा मुहैय्या कराई जा रही है। छात्रावास में बेटियों को रहने के साथ ही खाने की सुविधा भी मिलेगी। इसके लिए रसोइया समेत कार्मिकों की नियुक्ति होगी। हर छात्रावास में एक पूर्ण कालिक शिक्षिका की भी तैनाती होगी। 11 में 10 छात्रावासों का निर्माण हो रहा है, एक का निर्माण भूमि न मिलने से कार्य रुका हुआ है। हर छात्रावास में 100-100 छात्राओं को रहने की सुविधा रहेगी।
घर के नजदीक रहकर गरीब परिवार की बेटियों को पढ़ाई का वातावरण देने के लिए राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान से छात्रावास की सुविधा दी जा रही है। जिले में वर्ष 2018-19 में तीन छात्रावासों को शुरु कर दिया गया है। जिसमें झंझरी में 100, पंडरी कृपाल में 40 व वजीरगंज में 70 छात्राओं ने प्रवेश भी लिया है। कक्षा- 8 पास करने के बाद पारिवारिक दिक्कतों से इंटर कॉलेज में नामांकन से वंचित रहने वाली बेटियों को छात्रावास में सुविधा दी गई है। वे ब्लॉक के किसी भी इंटर कॉलेज में नामाकंन कराएंगी लेकिन उन्हें छात्रावास में रहने की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा करनैलगंज, कटरा बाजार व नवाबगंज में छात्रावासों का निर्माण पूरा होने वाला हैं। इस सत्र में इन छात्रावासों में बेटियों को आवासीय सुविधा दी जाएगी। जिससे बेटियों को शिक्षा की सुविधाएं हासिल हो सकेंगी।
जिले में छात्रावास की सुविधा मिलने से 3300 बेटियों को आवासीय सुविधा का अवसर मिलेगी। 100 छात्राएं कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूलों में रहकर शिक्षा हासिल कर रहीं तो 100 माध्यमिक शिक्षा अभियान से छात्रावासों में रहकर शिक्षा हासिल करेंगी। 17 कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूलों में 1700 से अधिक छात्राएं आवासीय शिक्षा हासिल कर रहीं हैं और 16 छात्रावासों में अब सुविधा मिलने पर 1600 बेटियों को आवासीय सुविधा हासिल हो सकेगी। एक छात्रावास के निर्माण पर 1.84 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। इस तरह से 11 के नए निर्माण पर 18 करोड़ 70 लाख रुपये का बजट मिल चुका है। छात्रावासों का निर्माण भी इस साल पूरे हो जाएंगे।
जल्द पूरा होगा काम
ब्लॉकों में राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान से इंटर में पढ़ने वाली छात्राओं को आवासीय सुविधा देने की योजना का संचालन किया जा रहा है। निर्माण कार्य प्रगति पर है, 11 में 10 छात्रावासों का निर्माण जल्द ही पूरा होगा। इसके बाद उनका संचालन किया जाएगा। -अनूप कुमार, डीआईओएस
10 छात्रावासों का निर्माण प्रगति पर
नए सत्र में 11 छात्रावासों के निर्माण का बजट मिला था। 10 छात्रावासों का निर्माण प्रगति पर है। अवर अभियंताओं की कड़ी निगरानी में निर्माण कराया जा रहा है। जल्द ही विभाग को निर्माण पूरे होने की रिपोर्ट भेजी जाएगी। -टीएन सिंह, अधिशाषी अभियंता आईडी
बालिका शिक्षा को मिलेगा प्रोत्साहन
छात्रावास की सुविधा मिलने से बेटियों की शिक्षा में परिवर्तन आया है। कस्तूरबा स्कूलों के परिसर में बन रहे छात्रावासों में कक्षा-8 पास करने वाली बेटियों को प्रवेश दिया जा रहा है। इससे बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन मिल रहा है। -रजनी श्रीवास्तव, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा