अरेबिक गर्ल्स इंटर कॉलेज में छात्राओं को जागरूक करते एसपी विनीत जायसवाल। स्रोत: पुलिस मीडिया से
गोंडा। मिशन शक्ति 5.0 के तहत पु़लिस की एंटी रोमियो टीमों ने शारदीय नवरात्र में अब तक 358 ग्राम व मोहल्ला चौपाल और 171 स्कूल-काॅलेज व आंगनबाड़ी केंद्रों (कुल 529 स्थानों) पर छात्राओं व महिलाओं से 22,000 फीडबैक फाॅर्म प्राप्त कर सुझाव लिए। इस आधार पर 315 स्थानों को चिह्नित कर टीमों ने 1,076 शोहदों व मनचलों को रेड कार्ड जारी किया है। चार मामलों में अभियोग पंजीकृत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि फीडबैक फॉर्मो से मिली जानकारी के आधार पर थानावार मैपिंग की गई। इसके जरिए सभी टीमों को शोहदों व मनचलों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया। मनचलों को पकड़कर रेड कार्ड जारी कर चेतावनी दी गई है कि दोबारा इस तरह की हरकत करते मिलने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कई मामलों में ऐसे युवकों के अभिभावकों को बुलाकर पुलिस द्वारा काउंसिलिंग की गई। रेड कार्ड पाने वाले शोहदों का पूरा विवरण एंटी रोमियो टीम के स्तर से एक निर्धारित प्रारूप में नोट किया जा रहा है। इसे भविष्य के रिकॉर्ड के लिए थानों में सुरक्षित रखा जाएगा ताकि आवश्यकता पड़ने पर अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
एसपी ने सोमवार को सादिया अरेबिक गर्ल्स इंटर कॉलेज (मदरसा) में छात्राओं से संवाद किया। महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा एवं आत्मरक्षा के प्रति छात्राओं को जागरूक किया। सीओ शिल्पा वर्मा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात संजय कुमार, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना अनीता यादव सहित अन्य मौजूद रहे।