गोंडा। खरीफ फसलों की बोआई शुरू होने से पहले किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। डीएम प्रियंका निरंजन के निर्देश पर जिले की 49 साधन सहकारी समितियों के लिए कुल 1,066 मीट्रिक टन खाद का आवंटन किया गया है। इसमें 130 मीट्रिक टन डीएपी और 936 मीट्रिक टन यूरिया शामिल है।
यह आवंटित खाद अगले दो दिनों के भीतर सभी संबंधित समितियों तक पहुंच जाएगी, जिससे किसानों को खाद के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और वे समय पर अपनी खेती की तैयारी पूरी कर सकेंगे। डीएम ने खाद वितरण में पारदर्शिता रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि वितरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खाद के साथ जबरन कोई दवा या कीटनाशक बेचने पर सख्त कार्रवाई होगी। कहा कि रात के समय गोदामों में खाद की अनलोडिंग नहीं कराई जाएगी।
डीएम ने निर्देश दिया कि किसानों को खाद का वितरण फार्मर रजिस्ट्री के अनुसार बायोमीट्रिक सत्यापन के बाद ही किया जाए। इससे कालाबाजारी रुकेगी और केवल वास्तविक किसानों को ही खाद का लाभ मिल सकेगा।