टाउनहाल में लॉटरी प्रक्रिया के दौरान मौजूद अधिकारी व आवेदक। - संवाद
गोंडा। शहर के गांधी पार्क स्थित टाउनहॉल में सोमवार को लॉटरी प्रक्रिया अपनाकर वेंडिंग जोन में बनीं 105 दुकानों का आवंटन किया गया। कुछ आवेदकों ने सूची से उनका नाम काटे जाने का आरोप लगाते हुए नाराजगी व्यक्त की।
शहर में जीआईसी के पास 31, एलबीएस कॉलेज के सामने 34, और सिंचाई विभाग के पास 40 दुकानों का निर्माण निमार्ण तत्कालीन जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने करवा कर इसे वेंडिंग जोन का नाम दिया था। दुकानों के आवंटन के लिए आवेदकों की फाइनल सूची में 161 लोगों के नाम शामिल किए गए थे। सोमवार को एडीएम आलोक कुमार की अगुवाई में टाउनहॉल में लॉटरी प्रक्रिया शुरू कराई गई। जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अरुण सिंह ने चयनित नामों की घोषणा की और कुल 105 दुकानों का आवंटन किया गया। दुकान न मिलने पर कुछ लोगों ने नाराजगी जताई। रवि नाग ने आरोप लगाया कि उन्होंने सभी जरूरी दस्तावेज जमा थे पर सूची से नाम काट दिया गया। इसी तरह कई अन्य आवेदकों ने भी बिना किसी कारण सूची से नाम बाहर करने का आरोप लगाया। एसडीएम एवं प्रभारी ईओ विशाल कुमार ने बताया कि दुकानों का आवंटन पूरी तरह से लॉटरी प्रक्रिया के तहत किया गया है।