तरबगंज (गोंडा)। एक तरफ प्रशासन और सामाजिक संगठन लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए एड़ी से चोटी का जोर लगा रहे थे तो दूसरी तरफ तरबगंज तहसील के जिम्मेदार हजारों की संख्या में मतदाता पहचान पत्र तहसील मुख्यालय पर ही दबाये रहे। उन्होंने चुनाव के पूर्व मतदाता पहचान पत्रों के वितरण कराना जरूरी नहीं समझा। इससे तमाम मतदाता वोट डालने नहीं गए जिससे मत प्रतिशत घट गया।
तरबगंज तहसील में बुधवार को सामाजिक कार्यकर्ता और अधिवक्ता धरणीधर मिश्रा ने रजिस्ट्रार कानूनगो रामजी माथुर के काउंटर पर हजारों की तादाद में मतदाता पहचान पत्र पड़े देखे तो इसकी तस्वीरें अमर उजाला से शेयर कीं। इस संबंध में बात करने के लिए कई बार प्रयास के बावजूद एसडीएम तरबगंज का फोन नहीं उठा। फिलहाल चुनाव के दौरान परिचय पत्र का वितरण न होने से तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लग रहा है।