सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 3.60 लाख हड़पे
गोंडा। सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर जालसाज बाप-बेटे ने एक व्यक्ति से 3.60 लाख हड़प लिए। जब उसे सरकारी नौकरी नहीं मिली तो उसने जालसाज बाप-बेटे से रुपये वापस मांगे तो जालसाज उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। इस मामले में पीड़ित व्यक्ति ने थाना वजीरगंज में जालसाज बाप-बेटे के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना वजीरगंज क्षेत्र के ढोंढियापारा गांव के रहने वाले राजेन्द्र गिरि ने बताया कि इसी थाना क्षेत्र के के राय रूपीपुर मौजा नयपुर के रहने वाले बाप-बेटे से उसका परिचय था। राजेन्द्र के मुताबिक बाप-बेटे उसे मिले और बताया कि उनके कई अफसरों से संबंध है।
वह सरकारी नौकरी दिला सकते हैं। इसके लिए उससे चार लाख की रुपए की मांग की थी। राजेन्द्र ने 03 जुलाई 2017 को उनके स्टेटे बैंक आफ इंडिया के खाते में 03 लाख 10 हजार जमा कर दिए। इसी के बाद 15 जुलाई 2017 को दूसरी बार 50 हजार जमा कर दिए।
काफी दिनों तक जब उसे सरकारी नौकरी नहीं मिली तो उसने पहली बार 20 दिसम्बर 2017 को व दूसरी बार 27 दिसम्बर 2017 को दोबार रुपया मांगा। मगर बाप-बेटे टालते रहे। जब उसने रुपए मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी। राजेन्द्र गिरी ने थाना वजीरगंज में जालसाज बाप-बेटे के खिलाफ तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक वजीरगंज विनोद कुमार सरोज ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।