आंधी ने उड़ाई 60 हजार घरों की बिजली
- पूरी रात ब्रेकडाउन में रहे जिले के पांच बिजलीघर
- 12 से 18 घंटे बाद एक-एक बिजलीघर की लाइन बहाल
गोंडा। बुधवार रात आई आंधी ने एक बार फिर पांच बिजलीघरों की बिजली गुल कर दी। जिसे बहाल करने में बिजली कर्मियों को 12 से 18 घंटे लग गए। इस दौरान पांचों बिजलीघरों से संबद्ध तकरीबन 60 हजार उपभोक्ताओं को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी।
बुधवार रात आई आंधी ने तरबगंज, बालपुर, धानेपुर, आर्यनगर व नवाबगंज बिजलीघरों को अंधेरे में डुबो दिया। जिससे इन इलाकों में रहने वाले 60 हजार उपभोक्ताओ के घरों की बिजली गुल हो गई। बुधवार रात साढ़े नौ बजे आई आंधी करीब एक घंटे तक चली। इस दौरान तमाम फाल्ट आने से एक के बाद एक पांच बिजलीघर ब्रेकडाउन में चले गए। वहीं, कुछ देर बाद बारिश भी होने लगी। जिससे रात के समय इन बिजलीघरों में आया फाल्ट ठीक नहीं हो पाया और पूरी रात पांच बिजलीघरों की सप्लाई ब्रेकडाउन में ही पड़ी रही।
तरबगंज की आपूर्ति गुरुवार सुबह सवा 10 बजे, बालपुर साढ़े 12 बजे, नवागंज दोपहर 12 बजे, धानेपुर दोपहर पौने तीन बजे तो आर्यनगर बिजलीघर की सप्लाई पौने 11 बजे चालू हो पाई। इस दौरान इन बिजलीघरों से जुड़े 60 हजार के करीब उपभोक्ताओं को 12 से 18 घंटे अंधेरे में ही रहना पड़ा। एक्सईएन अशोक यादव व तीरथराम श्रीवास्तव ने बताया कि सभी बिजलीघरों की आपूर्ति सुचारु कर दी गई है। वहीं बुधवार रात आई आंधी से शहरी क्षेत्र के भी तमाम फीडरों की बिजली कुछ देर के लिए गुल रही।