जिले के पंचायत चुनाव में 1 लाख 50 हजार आपत्तियों का पेंच फंसा हुआ है। सोमवार को जिले की चारों तहसीलों में बीएलओ की ओर से तैयार की गई मतदाता सूची को लेकर 1.50 लाख आपत्तियां आईं। इनका निस्तारण कराने के लिए सोमवार को तहसीलों में दिनभर कर्मचारी जूझते रहे।
पूरे दिन तहसीलों पर आपत्तियां देने वालों व कर्मचारियों की भीड़ रही। जिन आपत्तियों को गांव जाकर निस्तारण करना था, कम समय के कारण अब मजबूरन यह काम तहसीलों में ही करवाना पड़ रहा है। बीएलओ की गलतियों को अब विभागीय कर्मचारी उन्हें तहसीलों में बुलाकर ठीक करा रहे हैं।
निष्पक्ष चुनाव के लिए फ्रेस मतदाता सूची का प्रकाशन कराया जाना है। इसमें पहले मृत व गलत मतदाताओं का नाम हटाने व नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की कार्यवाही ग्राम पंचायतवार बीएलओ द्वारा की जा चुकी है। पंचायत चुनाव में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के लिए मतदाता सूूची को सही कराने के लिए उस पर लोगों से आपत्तियां ली जा रही हैं।
सोमवार को सदर तहसील में 37 गांव की करीब 30 हजार आपत्तियां आईं। यहां झंझरी ब्लॉक के लिए नौ गांव, इटियाथोक के सात मुुजेहना के आठ, पंडरीकृपाल के आठ व रूपईडीह के दो गांव की आपत्तियां आईं। इसी तरह से मनकापुर तहसील में 42 गांव में 35 गांव की करीब 25 हजार आपत्तियां आईं।
करनैलगंज तहसील में 248 गांव से 36 हजार 300 आपत्तियां आईं। तरबगंज में भी 35 हजार आपत्तियां आईं। इन आपत्तियों के निस्तारण में तहसील पर दिनभर अधिकारी व कर्मचारी जूझते रहे। मतदाता सूची के निस्तारण में गलत नामों को हटाने व नए मतदाताओं को जोड़ने का काम किया जा रहा है।
25 अगस्त तक आपत्तियों का निस्तारण किया जाना है। जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचायत राजेश कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि अंतिम सूची के प्रकाशन के लिए मतदाता सूची को ठीक करने के लिए आपत्तियां का निस्तारण कराया जा रहा है।