उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में इज्जत बचाने की खातिर एक छात्रा ने टोंस नदी में छलांग लगाकर जान दे दी। उसे पड़ोस में रहने वाला युवक झांसा देकर सोमवार दोपहर नदी किनारे ले गया था। वहां उसके दोस्त भी आ गए।
युवकों ने खींचतान शुरू की तो घबराकर छात्रा नदी में कूद गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने केस लिख गोताखोरों को लगाया तो मंगलवार दोपहर छात्रा का शव मिल गया। आरोपी छात्र और उसके दोस्त फरार हैं। छापे मारे जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, एकौनी गांव (कौंधियारा) निवासी शिवसेवक पांडेय पुलिस ट्रेनिंग स्कूल गोरखपुर में पीटीआई हैं। उनकी दो बेटियों में से छोटी सोमवार दोपहर करीब एक बजे घर से निकली तो फिर नहीं लौटी।
खोजबीन के दौरान देर शाम परिवार के लोगों को पता चला कि उसे गांव के विकास श्रीवास्तव के साथ कौंधियारा में ही पाटलेश्वर महादेव मंदिर के पास टोंस नदी के घाट पर देखा गया था। परिजनों ने वहां जाकर लोगों से बात की तो सनसनीखेज जानकारी मिली।
परिजनों ने कौंधियारा थाने जाकर एसओ श्रवण कुमार को खबर दी।
परिवार के लोगों का आरोप है कि नम्रता को झांसा देकर विकास टोंस नदी किनारे ले गया था। उसने अपने दोस्तों को भी बुरी नीयत से बुला लिया था। इज्जत पर खतरा देख नम्रता ने टोंस में छलांग लगा दी थी।