औरैया जिले के एक गांव में बाप-बेटे ने एक किशोरी पर बदचलन होने का आरोप लगाकर सरेआम पिटाई कर दी। किशोरी गलत आरोप और सरेआम बेइज्जती से इतनी आहत हुई कि उसने खुदकुशी कर ली। पुलिस ने आरोपी बाप-बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है हालांकि दोनों अभी फरार हैं।
अयाना थाना क्षेत्र के गांव का हरिश्चंद्र उर्फ अल्ला और उसका पिता राम सेवक बुधवार को सीमा (परिवर्तित नाम) के घर गए। उस पर बदचलन होने का आरोप लगाते हुए बाल पकड़कर उसे घर से बाहर खींच ले गए। दोनों ने उसकी पिटाई की। इस पर सीमा की मां रामवती गुरुवार सुबह ग्राम प्रधानपति राज सिंह सेंगर के यहां पंचायत कराने गई।
उस दौरान सीमा घर में अकेली थी। सरेआम बेइज्जती से आहत होकर उसने कमरे में कुंडे से लटककर फांसी लगा ली। उसकी मां जब घर लौटी तो बेटी को इस हालत में देखकर चीखने-चिल्लाने लगी। आस पड़ोस के लोग भी वहां इकट्ठे हो गए।
सूचना पर थानाध्यक्ष राजा दिनेश सिंह सीमा के घर पहुंचे। उन्होंने शव को फंदे से नीचे उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। उन्होंने बताया कि किशोरी की मां की तहरीर पर हरिश्चंद्र और राम सेवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने तथा मारपीट का मामला दर्ज किया गया है।