Ghazipur News: पुलिस उप महानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र, वाराणसी डॉ. ओपी सिंह ने अपराध गोष्ठी की। इस दौरान विभिन्न अपराधों में की गई कार्रवाई, जनपद के टॉप टेन अपराधी, गुंडा तथा माफियाओं के खिलाफ की गई कार्रवाई का पूरी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने त्योहार के दृष्टिगत शान्ति व्यवस्था व सुरक्षा के लिए सभी को निर्देशित किया।
पुलिस उप महानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र, वाराणसी डॉ. ओपी सिंह ने कहा कि एक जुलाई से नए कानून लागू हो रहे हैं। इसके तहत समयबद्ध तरीके से समस्याओं का निस्तारण होगा। इसमें जनता को किसी प्रकार की दिक्कतें नहीं होंगी। इसके लिए पुलिस अधीक्षक अपने स्तर से संगोष्ठी कर लोगों को जागरुक भी करेंगे।
विज्ञापन
वह शनिवार को पुलिस लाइन में अपराध गोष्ठी के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोई थाने पर जाता है तो उसे वहीं न्याय मिल जाए। उसे ऊपर के अधिकारियों के पास न जाना पड़े, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है। समय सीमा में कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद पुलिस लाइन में स्थित विभिन्न शाखाओं, डीसीआर, चुनाव कार्यालय तथा साइबर क्राइम थाने का निरीक्षण किया गया। संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। अपराध गोष्ठी में एसपी ओमवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।