नंदगंज। शहर कोतवाली के चौकियां मोड़ पर ब्रिज के पास सोमवार की रात एक युवक का शव मिला। मृतक की मां ने मंगलवार को बड़े पुत्र के ससुर और सास सहित छह पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई।
शहर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामवे में नंदगंज थाना क्षेत्र के धरवा गांव निवासी जोखनी देवी ने तहरीर दी है। बताया कि छोटा बेटा मुन्ना कुमार (20) पांच अक्तूबर को बड़े बेटे की ससुराल चकहुसाम गांव गया था।
वहां साली से छोटे बेटे की शादी के लिए बड़े बेटे के ससुर हृदयनाराण शादी के लिए तैयार थे। लेकिन कुछ दिन पहले हृदयनारायण और मुन्ना कुमार के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद से हृदयनारायण ने बेटी की शादी मुन्ना से करने से इंकार कर दिया।
इसी संबंध में छोटा बेटा मुन्ना चकहुसाम गांव गया था। जब वह वहां पहुंचा तो साली फोन पर गाली और धमकी देने लगी। वह कहने लगी कि अपने बेटे मुन्ना को घर वापस बुला लो नहीं तो काटकर के फेंक देंगे।
जोखनी देवी ने बताया कि कुछ देर बाद पुन: उसने फोन पर कहा कि मुन्ना को बचाना है तो आकर बचा लो और तुम लोगों को भी मारेंगे। सूचना मिलने पर परिजन के साथ चकहसाम गांव पहुुंचे, लेकिन मुन्ना नहीं मिला। बेटे के बारे में पूछा तो आरोपी गाली देने के साथ जान से मारने की धमकी देने लगे।
बड़े बेटे के ससुराल से करीब 900 मीटर दूर चौकिया मोड़ हाईवे के ओवरब्रिज के पास छोटा बेटा मुन्ना घायल मिला। उसे महराजगंज निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव लेकर रात में गांव चले आए।
कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की मां की तहरीर पर हदयनारायन, मंजू देवी सहित छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
धरवा गांव में मृतक मुन्ना कुमार के रोते बिलखते परिजन। स्रोत- पाठक