जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के देवढ़ी गांव में शुक्रवार की रात जनरेटर मांगने पर नहीं दिया तो एक युवक ने गांव के दिलनवाज (17) को गोली मार दी। गोली किशोर के दाहिने हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर भाग गया। पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पिस्टल और कारतूस भी बरामद किए।
प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि तहरीर के अनुसार देवढ़ी गांव निवासी इमामुद्दीन का परिवार शुक्रवार की रात करीब 10 बजे घर पर था। इसी दौरान गांव का ही निवासी वीरबहादुर सिंह उनके घर पहुंचा और महिलाओं से जनरेटर मांगने लगा। महिलाओं द्वारा मना किए जाने पर वह विवाद कर वहां से चला गया। तहरीर में बताया कि रात करीब 10:30 बजे इमामुद्दीन घर के बाहर सड़क पर पहुंचे, तभी आरोपी अपनी बाइक से वहां आया और गाली-गलौज करने लगा। इमामुद्दीन के विरोध करने पर आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली। इसी बीच इमामुद्दीन का पुत्र दिलनवाज (17) वहां पहुंच गया, जिसे देखते ही आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली दिलनवाज के दाहिने हाथ में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें आता देख आरोपी अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया। परिजनों ने घायल किशोर को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी वीरबहादुर सिंह पर प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।