गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव स्थित आमीघाट के पास बुधवार की सुबह करीब 9.15 बजे दिनदहाड़े हमलावरों ने लाठी-डंडे और चाकू से गले पर वारकर अजय यादव उर्फ लंगा (20) की हत्या कर दी। वह साइकिल से डेरा पर खाना पहुंचाने जा रहे थे। वारदात को अंजाम देकर हमलावर भाग गए। डेढ़ साल पहले गांव में आई बरात में अजय और कुछ युवकों के बीच हाथापाई हुई थी। उसी मामले में अक्तूबर 2025 में आरोपियों ने अजय की पिटाई की थी। इसकी प्राथमिकी दर्ज हुई थी। उसी मामले से इस घटना को जोड़कर देखा जा रहा है। मामले में अजय के पिता ने 26 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि वीरपुर गांव निवासी श्रीकांत यादव ने तहरीर देकर बताया कि बेटा अजय यादव उर्फ लंगा सुबह करीब सवा 9 बजे साइकिल से खाना लेकर डेरे पर आ रहे थे। नहर पार करके जैसे ही वह आमी घाट के पास करीब 9.15 पहुंचे लाठी-डंडे व चाकू से 12 से अधिक लोगों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने चाकू से गले पर वार कर दिया।
लहूलुहान होकर अजय यादव गिर पड़े। बेटे को वीरपुर स्थित न्यू पीएचसी लाया गया। वहां से मुहम्मदाबाद सीएचसी के बाद चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि श्रीकांत यादव की तहरीर पर 11 नामजद और 15 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
युवक की हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और एक-दूसरे को ऊंचा-नीचा दिखाने जैसे विवाद छानबीन में सामने आए हैं। पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है, जल्द ही आरोपी गिरफ्तार होंगे।- सुधाकर पांडेय, सीओ मुहम्मदाबाद।
एएसपी ग्रामीण ने किया घटना स्थल का निरीक्षण
गाजीपुर। एएसपी ग्रामीण अतुल सोनकर और मुहम्मदाबाद सीओ सुधाकर पांडेय ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। साथ ही ग्रामीणों से भी पूछताछ की। एएसपी ग्रामीण ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया।
सुरक्षा के लिए तैनात रही पुलिस टीम
गाजीपुर। युवक की हत्या के बाद गांव में दहशत फैल गई। इसको देखते हुए पीड़ित परिवार के दरवाजे पर और गांव में भी सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस टीम तैनात कर दी गई है। पुलिस टीम आने-जाने वाले लोगों पर निगाह रखे हुए है।
चार टीमें गठित, संदिग्धों से पूछताछ
गाजीपुर। मुहम्मदाबाद सीओ सुधाकर पांडेय ने बताया कि हत्याकांड में शामिल नामजद व अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। पांच संदिग्धों को उठाकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
मृतक अजय यादव उर्फ लंगा। स्रोत- परिजन- फोटो : 1
मृतक अजय यादव उर्फ लंगा। स्रोत- परिजन- फोटो : 1