आत्महत्या की नीयत से हमीद सेतु से कूदा युवक
बहते हुए बांस के चाचर में फंसा, पुलिस ने सकुशल बाहर निकाला
नौकरी न मिलने और परिजनों द्वारा ताना देने से परेशान था बृजेश
संवाद न्यूज एजेंसी
सुहवल। रविवार की सुबह हमीद सेतु से कोपागंज निवासी एक युवक ने छलांग लगा दिया। तेज धारा में बहते हुए सुजानपुर गांव के सामने बांस के चाचर में फंस गया। सुबह स्नान करने वाले पहुंचे तो युवक को फंसा देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने युवक को पानी निकाला। बाद में लिखा-पढ़ी के बाद युवक को परिजनों को सुर्पुद कर दिया।
मालूम हो कि सुजानपुर गांव के कुछ लोग रविवार की सुबह करीब छह बजे गंगा घाट पर स्नान के लिए पहुंचे तो देखा कि एक युवक बांस के चाचर में फंसा था। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में पीआरवी 3195 के हेड कांस्टेबल चंद्रशेखर सरोज, विजय सिंह, चालक त्रिभुवन जायसवाल के साथ ही थाना प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा, उपनिरीक्षक देवेंद्र बहादुर सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। युवाओं के सहयोग से युवक को सही-सलामत पानी से बाहर निकाला और थाना ले आई। युवक के परिजनों को सूचना दी। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मऊ जिला के कोपागंज निवासी बृजेश सिंह (35) पुत्र लल्लन सिंह बताया। उसने बताया कि वह एमए पास होकर नौकरी न मिलने पर जीविका चलाने के लिए गांव के इंटर के छात्रों को ट्यूशन पढ़ाता है, लेकिन परिजन आए दिन उसे पढाई-लिखाई के बाद भी नौकरी न मिलने का ताना देने के साथ ही मानसिक रूप से प्रताड़ित करते रहे। इससे उसने आत्महत्या करने की सोचा। रात में घर से निकल गया और पैदल ही हमीद सेतु पर पहुंचा और छलांग लगा दिया। धारा में बहते समय बीच गंगा में धारा को मोड़ने के लिए लगाए गए बांस के चाचर में फंस गया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा ने बताया कि युवक को सकुशल पानी से बाहर निकाला गया। लिखा-पढ़ी के बाद युवक को परिजनों को सौंप दिया गया।