गाजीपुर। बीते दिनों जमानियां में सड़क हादसे में घायल सैदपुर के धुवार्जुन गांव निवासी युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। धुवार्जुन निवासी लतीफ अंसारी ने बताया कि उनका पुत्र नौशाद अंसारी बीते 21 मार्च की शाम करीब साढ़े 6 बजे बाइक से जमानियां कस्बा स्थित मोहल्ला दुरहिया में अपनी ससुराल जा रहा था। इसी दौरान पाण्डेय मोड़ के पास तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में नौशाद गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
तभी से नौशाद का वाराणसी के बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा था। करीब एक महीने से अधिक समय तक इलाज के बाद आखिरकार 26 अप्रैल को उसकी मौत हो गई। इस बाबत थाना प्रभारी रामसजन नागर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच करते हुए वाहन की तलाश की जा रही है।