करीमुद्दीनपुर थानाक्षेत्र के पतार गांव स्थित ईंट भट्ठे के पास बुधवार को बाइक और स्कॉर्पियो की आने-सामने हुई टक्कर में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। इसमें गंभीर रूप से घायल एक युवक की इलाज के दौरान शाम साढ़े सात बजे मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। अन्य दो का उपचार चल रहा है। उधर पुलिस स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर चालक की तलाश कर रही है।
नसीराबाद गांव निवासी पिंटू राम (35) दो साथियों चंदन राजभर और शिवम यादव के साथ बाइक से चितबड़ागांव की तरफ जा रहे थे। पतार गांव स्थित ईंट भट्टे के पास बाइक को सामने से आ रही स्कॉर्पियो ने ओवरटेक करने के चक्कर में टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने से पिंटू राम के सिर में गंभीर चोट आई। अधिक खून बहने से वह अचेत हो गया। वहीं उसके दोनों साथियों को भी चोट आई। चालक स्कॉर्पियो को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। जहां इलाज के देर शाम पिंटू की मौत हो गई। करीमुद्दीनपुर थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ने बताया कि वाहन को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।