खानपुर। थाना पुलिस ने रविवार की सुबह रेलवे स्टेशन से एक नाबालिग को बहला-फुसला कर भगाने वाले युवक को किशोरी के साथ गिरफ्तार किया। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए और आरोपी युवक को जेल भेज दिया।
कुछ दिन पहले एक गांव का एक युवक एक गांव की किशोरी को बहला-फुसला कर भगा ले गया था। काफी खोजबीन के बाद भी पता न चलने पर किशोरी की मां ने बीते नौ नवंबर को थाना में गुमशुदगी की तहरीर दी थी। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुट गई थी। इसी क्रम में रविवार की सुबह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध अवस्था में एक युवक-युवती खड़े हैं। इस सूचना पर पुलिस तत्काल मौके के लिए रवाना हो गई। स्टेशन पर पहुंचते ही पुलिस को देख युवक युवती भागने लगे। इस पर पुलिस ने दौड़ा कर पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि यह वही युवक है, जो नाबालिग को लेकर भागा था। पुलिस दोनों को थाना ले आई और किशोरी के परिवार वालों को सूचना दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष जितेंद्र दुबे ने बताया कि गिरफ्त में आया युवक शैलेंद्र चौहान है, जो ट्रेन पकड़ कर कहीं भागने की फिराक में था। आरोपी का संबंधित धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया, जबकि किशोरी को पुलिस और उसके परिजनों के साथ मेडिकल मुआयना के लिए अस्पताल भेजा गया।