रेवतीपुर थाना क्षेत्र के बहोरिक राय पट्टी निवासी एक युवक अपने घर के दरवाजे पर संदिग्ध हाल में मृत पाया गया। मंगलवार देर रात हुई इस घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पत्नी ने आरोप लगाया है कि उसके पति की जहर खिलाकर हत्या की गई है। मामले में मृतक के पिता ने एक नामजद सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट कराई है।
मृतक सोनू राम की पत्नी सुनीता राम के अनुसार उसका पति रोज की तरह मंगलवार की रात भी घर में था। श्ाम करीब 7 बजे प्रमोद यादव नाम का युवक दो लोगों के साथ घर उसके घर पहुंचा और सोनू के बारे में पूछने लगा। पत्नी ने सोनू को जगाया। सोनू ने प्रमोद से कुछ बात की, इसके बाद वह यह कहकर घर से बाहर निकल गया कि थोड़ी देर बाद लौट आएगा। सोनू के काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर वह परेशान हो गई। रात करीब दस बजे जब उसने दरवाजा खोला तो देखा कि दरवाजे के पास सोनू बेसुध पड़ा हुआ था। यह देख उसके होश उड़ गए।
सुनीता के शोर मचाने पर पास-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और सोनू को सामुदायिक स्वास्थ केंद्र रेवतीपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोनू के पिता गौरीशंकर राम परिवार के अन्य सदस्यों सहित रिश्तेदार के शादी समारोह में भाग लेने के लिए बिहार गए थे। लोगों ने फोन से उन्हें घटना की जानकारी दी। रात में मृतक के परिवार वाले घर पहुंच गए। उन्होंने घटना से पुलिस को अवगत कराया।
मौके पर पहुची पुलिस ने पूछताछ के बाद शव को कब्जे में ले लिया। मामले में मृतक के पिता ने प्रमोद यादव सहित तीन लोगों के खिलाफ जहर खिलाकर सोनू की हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष द्वारिका पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सोनू की मौत किन कारणों से हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगा।