दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के करूई गांव अंतर्गत नवपूर्वा में बिजली गिरने से मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे एक युवा मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन रोने-बिलखने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इलाके के करूई गांव निवासी सोनू राम रोज (24) रोज की तरह मंगलवार की सुबह खेत में काम कर रहा था। इसी बीच तेज बारिश के साथ आकाश में कड़क रही बिजली के गिरने से वह उसकी चपेट में आ गया। परिजन ने आनन -फानन में उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान युवा मजदूर की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन रोने-बिलखने लगे। मृतक की पत्नी रीमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक मजदूरी करके तीन बच्चों और परिवार का पालन पोषण करता था। हादसे के बाद परिवार पर जहां दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं उनके सामने जीविकोपार्जन की समस्या पैदा हो गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जबकि मौत की खबर मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता मुहैया कराने का आश्वासन दिया है।