कोतवाली क्षेत्र के सेमरा गांव के बाहर घाट पर बृहस्पतिवार की सुबह गंगा में नहाते समय युवक डूब गया। हादसे के बाद घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। परिजन रोते- बिलखते घाट पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश में जुटी रही, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिली।
बलिया जनपद के भरौली गांव निवासी मुकेश प्रजापति (18) मुहम्मदाबाद कोतवाली के सेमरा गांव बुआ के घर मांगलिक कार्य में शामिल होने आया था। सुबह वह अन्य रिश्तेदारों के साथ गंगा स्नान के लिए गांव के बाहर घाट पर पहुंचा। वह सभी लोगों के साथ स्नान करने लगा। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूबने लगा। युवक को डूबता देख उसके साथ आए अन्य लोग शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर आस-पास के खेतों में काम कर रहे किसान और घाट पर स्नान कर रहे लोग घटना स्थल के तरफ दौड़ पड़े। जब-तक लोग मौके पर पहुंचते युवक पानी में समा चुका था। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम स्थानीय गोताखोरों एवं नाविकों की मदद से युवक की तलाश में शाम तक जुटी रही, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इधर युवक के डूबने की जानकारी होते ही भरौली से उसके परिवार के लोग भी पहुंच गए। इधर खुशी का माहौल गम में बदल गया। एसडीएम आशुतोष कुमार ने भी पहुंचकर घटना की जानकारी ली। इस संबंध में कोतवाल अशोक कुमार मिश्र ने बताया कि युवक की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों की मदद ली जा रही है।