जमानिया। कांशीराम कॉलोनी निवासी गोविंद कुमार (30) की बृहस्पतिवार की देर रात बिहार प्रांत के दुर्गावती के समीप सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।
युवक के बड़े भाई धर्मेंद्र चौधरी ने बताया कि उनका छोटा भाई गोविंद कुमार (30) स्थानीय बाजार में एक चाट-समोसे की दुकान पर काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। बृहस्पतिवार की शाम वह दुकान से काम करने के बाद घर पहुंचकर कुछ देर रुकने के बाद उसने परिजनों को बताया कि वह मोटरसाइकिल से बिहार के चैनपुर स्थित अपनी ससुराल जा रहा है और अगले दिन वापस लौट आएगा।
हालांकि, ससुराल पहुंचने से पहले ही देर रात दुर्गावती के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद से पत्नी सोनी देवी, माता आशा देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरी कांशीराम कॉलोनी में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और आसपास के लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं। बिहार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
-
13 दिन पहले ही घर में गूंजी थी किलकारी
गोविंद की मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। परिजनों के मुताबिक, गोविंद की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व चैनपुर निवासी सोनी देवी से हुई थी। उनका एक वर्ष का बेटा और महज 13 दिन की नवजात बेटी है। घर में अभी बेटी के जन्म की खुशियां ठीक से मनाई भी नहीं गई थीं कि इस हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं।
-
खेत से घर लौट रही महिला की वाहन की टक्कर से मौत
भड़सर। बिरनो थाना क्षेत्र के चककपिल गांव के पास शुक्रवार की दोपहर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक महिला मौत हो गई। वह खेत में काम करने के बाद पैदल घर लौट रही थीं।
बिरनो थानाध्यक्ष पन्नेलाल यादव ने बताया कि चककपिल गांव निवासी श्रीकिशुन राम ने बताया कि पत्नी आशा देवी (42) दोपहर खेत में काम करने के बाद पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से आशा देवी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गईं। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। घटना के बाद आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उपचार के बाद डॉक्टरों ने वाराणसी ट्राॅमा सेंटर भेज दिया। जहां उपचार के दौरान आशा देवी की मौत हो गई। थानाध्यक्ष पन्नेलाल यादव ने बताया कि परिजनों की ओर से मिली तहरीर पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। संवाद
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से वृद्ध घायल
गहमर। कोतवाली क्षेत्र के स्थानीय कस्बा स्थित एक बैंक के सामने बृहस्पतिवार को तेज रफ्तार बाइक के धक्के से शिवशंकर कुशवाहा (65) घायल हो गए। प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि गहमर पट्टी खेमनराय निवासी कृष्णा कुशवाहा ने तहरीर देकर बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह 9 बजे मेरे पिता शिवशंकर कुशवाहा (65) किसी से गहमर यूनियन बैंक के पास से जा रहे थे। विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार गहमर पट्टी गोविंद राय निवासी चाहत सिंह ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पिता शिवशंकर कुशवाहा के सिर और रीढ़ की हड्डी सहित विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोट आई। उनका उपचार वाराणसी में चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि घायल शिवशंकर कुशवाहा के पुत्र की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संवाद