सैदपुर कोतवाली के सैदपुर रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार की सुबह सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन के सामने कूदकर एक युवक ने जान दे दी। इसकी सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। परिवार के लोगों के मुताबिक युवक मानसिक रुप से विक्षिप्त था।
सैदपुर कस्बा के बूढ़े महादेवा क्षेत्र निवासी त्रिलोकी नाथ गौतम का पुत्र आकाश गौतम (25) की चचेरी बहन की गुरुवार को शादी थी। शुक्रवार सुबह उसकी विदाई हुई। विदाई होने के बाद वह घर से बिना बताए सैदपुर रेलवे स्टेशन के पास पहुंचा। उसी समय छपरा से वाराणसी की ओर जा रही सारनाथ एक्सप्रेस आ रही थी। वह उसके सामने कूद गया। इससे उसकी कट कर मौत हो गई। इस घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने इसकी सूचना परिजनों और जीआरपी को दी। जानकारी होते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे मे ले लिया।