गाजीपुर। मुहम्मदाबाद विकासखंड के चक कमरौरा गांव में मगई नदी में डूबने से मृत रामबाबू उर्फ विक्की के परिवार को बुधवार को संविदा पर नौकरी के रूप में सहायता मिली। एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने राइफल क्लब में मृतक के भाई अरुण कुमार को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी और जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बता दें कि बीते आठ अक्तूबर को नोनहरा थाना क्षेत्र के चक कमरौरा गांव में राजस्व टीम की पैमाइश के दौरान विवाद हुआ था। आरोप है कि मौके पर मौजूद राजस्व और पुलिस टीम के साथ मारपीट की गई। मामले में लेखपाल की तहरीर पर रामबाबू उर्फ विक्की सहित 23 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज किया गया था। बताया गया कि गिरफ्तारी के लिए गांव में पुलिस टीम के पहुंचने पर रामबाबू मगई नदी में कूदकर भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान डूबने से उसकी मौत हो गई।