कासिमाबाद। गाजीपुर मार्ग स्थित बाजार के चौक पर युवा व्यवसायी और मिठाई विक्रेता की सोमवार की देर शाम करंट लगने से मौत हो गई। मंगलवार को दोपहर तक शोक में व्यवसायियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं।
कासिमाबाद थानाक्षेत्र के सुकहा गांव निवासी राहुल गुप्ता की कासिमाबाद चौक के पास गाजीपुर मार्ग पर मिठाई की दुकान है। देर शाम राहुल मिठाई से भरे काउंटर का गेट खोल रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और नीचे गिर गया। जैसे ही आसपास के दुकानदारों ने देखा तो शोर मचाना शुरू किया और उसे काउंटर से छुड़ाकर एक निजी चिकित्सालय ले गए। गंभीर स्थिति देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मऊ जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गंभीर रूप से झुलसे राहुल की मऊ पहुंचते ही मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर घर आए और कुछ देर बाद कोतवाली लेकर पहुंचे। राहुल गुप्ता के बड़े भाई गोकुल गुप्ता की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राहुल गुप्ता के पिता गोपाल की पहले ही मौत हो चुकी है। वह अपनी मां मीना देवी, तीन भाइयों और एक बहन के साथ रहता था। तीन भाइयों में वह दूसरे नंबर पर था। उसका स्वभाव मिलनसार होने के कारण पूरे कस्बे में लोग शोक में देखे गए। उसकी मौत के शोक में चौक के साथ पूरे कस्बे की दुकानें दोपहर तक बंद रहीं। थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।