मरदह-गाजीपुर। हैदरगंज चट्टी के पास वाराणसी से बिहार के मोतिहारी जा रही डबल डेकर बस सोमवार की देर रात करीब एक बजे के करीब अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पड़े मिट्टी के ढेर से टकराते हुए डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में आठ यात्री घायल हो गए। घायलों का प्राथमिक उपचार जिला अस्पताल मऊ में कराया गया।
डबल डेकर बस में सवार 43 यात्री वाराणसी से वापस मोतिहारी जा रहे थे। रात करीब एक बजे वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन मार्ग के हैदरगंज गांव के आगे बीच सड़क में सड़क की मरम्मत के लिए गिराई गई मिट्टी का ढेर देखकर चालक नरेश यादव ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकने का प्रयास किया लेकिन बस अनियंत्रित होकर मिट्टी व डिवाइडर से टकरा गई। मिट्टी गिराकर मार्ग को डायवर्ट किया गया था। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। हादसे में रमेश पासवान, जयप्रकाश गुप्ता, कुंती शाह, छोटन ठाकुर, रोहित शाह, उमेश पासवान घायल हो गए। सभी घायल रामपुर हुसैनी, मोतिहारी के निवासी हैं। पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल मऊ पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया है। थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि बस में कुल 43 यात्री सवार थे। यात्रियों को बस मालिक ने दूसरी बस मंगवाकर मोतीहारी भेजा।