मुहम्मदाबाद। सांसद अफजाल अंसारी के पिता नगर पालिका परिषद मुहम्मदाबाद के पूर्व चेयरमैन सुबहानुल्लाह अंसारी की 15वीं पुण्यतिथि एवं उनकी माता राबिया बेगम की तीसरी पुण्यतिथि मंगलवार को सांसद आवास फाटक में मनाई गई। यूसुफपुर के काली बाग स्थित कब्रिस्तान में माता-पिता की कब्र पर सांसद अफजाल अंसारी, पूर्व विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी एवं उनके परिजनों एवं समर्थकों ने फूलों की चादर चढ़ाकर चादरपोशी एवं दुआखानी कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित किया।
पुण्यतिथि पर सुबह नगर सहित क्षेत्र की मस्जिदों, मदरसों एवं उनके आवास यूसुफपुर फाटक में कुरानख्वानी हुई। इस बार कोविड-19 के कारण गरीब एवं असहाय लोगों को खाना एवं कंबल का वितरण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। इस मौके पर स्व. अंसारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वे गंगा जमुनी संस्कृति के प्रतीक थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन दीन-दुखियों की सेवा में लगा दिया। मुसीबत में पड़ा व्यक्ति चाहे वो किसी जाति धर्म का हो आने पर उसकी मदद जरूर करते थे।