कासिमाबाद। थाना क्षेत्र के बहादुरगंज चौकी अंतर्गत बंका (खास) में रविवार की दोपहर एक मकान में काम करते समय हाईटेंशन तार की जद में आने से राजमिस्त्री की मौत हो गई थी। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। सोमवार की सुबह मृतक की मां ने मकान स्वामी के खिलाफ तहरीर देकर बेटे को जानबूझकर मारने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
तहरीर में पट्टीगढ़ निवासी मृतक की मां ऊषा देवी ने लिखा है कि बंका खास निवासी मोहम्मद हाफिज शाह रविवार की सुबह मेरे घर आए। मेरे पुत्र हरिश्चंद्र राम को अपने साथ काम कराने के लिए ले गए। अपने घर पहुंचकर मोहम्मद हाफिज शाह ने मेरे लड़के को बिजली तार के नीचे काम करने को कहा। इसके बाद मेरा लड़के से तार के नीचे काम कराने लगा। मकान मालिक द्वारा कहा गया कि काम करो, बिजली कटवा दिया हूं, कुछ नहीं होगा। तार के नीचे जब मेरा लड़का काम करने लगा, उसी समय तार में बिजली प्रवाहित हो गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मोहम्मद हाफिज जान-बूझकर मेरे लड़के को जान मारने के लिए ले गए थे। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर मिली है। मामले की जांच-पड़ताल कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। मालूम हो कि बहादुरगंज चौकी क्षेत्र के पट्टीगढ़ निवासी राजमिस्त्री हरिश्चंद्र राम (25) रविवार को बंका (खास) निवासी मोहम्मद हाफिज शाह के मकान पर प्लास्टर का काम कर रहा था। इसी दौरान हाईटेंशन तार की जद में आने से उसकी मौत हो गई थी। जबकि हाफिज गंभीर रूप से झुलस गए थे।