सुहवल। कोतवाली क्षेत्र के कैथवलिया के पास रविवार की देर शाम ट्रैक्टर से बालू उतारते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों के रोने-बिलखने से कोहराम मच गया।
रेवतीपुर थाना क्षेत्र के बलुआ टोला गांव निवासी रोशन राम (21) कैथवलियां गांव के पास देर शाम ट्रैक्टर से बालू उतार रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। हादसे में मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। आसपास के लोग और काम कर रहे अन्य मजदूर उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान मजदूर की देर शाम मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, घटना की जानकारी होते ही परिवार के लोग रोते- बिलखते जिला अस्पताल पहुंच गए। मृतक अपने घर का इकलौत कमाऊ था। वह मजदूरी कर किसी तरह परिवार का जीविकोपार्जन चलाता था। मृतक अपने चार भाई दो बहनों में पांचवें नंबर पर था। हादसे के बाद पिता विंध्याचल और मां चंद्रावती देवी रोते हुए अचेत हो जा रही थीं।