जमानिया धरम्मरपुर सेतु पर सुरक्षा जाली लगाने का कार्य शुरू। संवाद
जमानिया। जमानिया-धरम्मरपुर गंगा सेतु पर करीब ढाई महीने से बंद पड़ा सुरक्षा जाली लगाने का काम मंगलवार को फिर शुरू हो गया। लोक निर्माण विभाग करीब 25 लाख रुपये की लागत से सेतु के शेष हिस्से में लोहे की मजबूत जाली लगा रहा है।
करीब एक किलोमीटर लंबे इस सेतु पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए मई में जाली लगाने का काम शुरू किया गया था। विभाग ने उत्तरी छोर पर काम पूरा करा दिया था, लेकिन मजदूरों की कमी के कारण दक्षिणी छोर का काम अधूरा रह गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पूर्व में कई लोग सेतु से नदी में छलांग लगा चुके हैं। ऐसे में दोनों छोरों और शेष हिस्से में मजबूत जाली लगने से सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी।
लोक निर्माण विभाग सीडी-1 के अवर अभियंता संदीप ने बताया कि शेष हिस्से में सुरक्षा जाली लगाने का काम दोबारा शुरू करा दिया गया है। इसे जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है।