गाजीपुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत नगर के कोतवाली एवं महिला थाने में महिला हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। डेस्क पर फरियाद लेकर पहुंचने वाली पीडि़त महिलाओं का पंजीकरण कर पोर्टल पर फीडिंग कराई जा रही है। उन्हें स्लिप भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा कंप्यूटर में लगे वेब कैमरों को भी दुरुस्त कराने का काम किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को कोतवाली में तीन मामले आए, जिसमें एक का निस्तारण किया गया।
साथ ही अन्य के निस्तारण को लेकर कार्रवाई तेज कर दी गई है। 23 अक्तूबर को होने वाले उद्घाटन से पूर्व एसपी डा. ओमप्रकाश सिंह ने निरीक्षण करने के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रदेश सरकार की ओर से महिला अपराध पर अंकुश लगाने और पीडि़ताओं की शिकायत का जल्द से जल्द निस्तारण करने को लेकर ठोस कदम उठाया जा रहा है। शासन की ओर से महिलाओं को समाज में सशक्त बनाने को लेकर मिशन शक्ति का शुभारंभ किया गया। इसके तहत शासन की विभिन्न योजनाओं से महिलाओं को अवगत कराने के साथ उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक करने को लेकर भी कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसके अलावा जनपद के ब्लाक स्तरीय थानों में हेल्प डेस्क स्थापित करने का कार्य किया जा रहा है, जिससे पीडि़त महिलाओं को लंबे समय तक अपनी शिकायत का निस्तारण कराने के लिए पुलिस विभाग का चक्कर न काटना पड़े।
23 अक्तूबर को स्थापित महिला हेल्प डेस्क का उद्घाटन होगा। पीडि़त महिलाओं द्वारा दी जा रही शिकायत पत्रों की पोर्टल पर फीडिंग कराई जा रही है। साथ ही उन्हें पंजीकृत करके पर्ची भी दी जा रही है। प्राथमिकता के तौर पर शिकायत पत्र का निस्तारण कराया जा रहा है। - एसएस आदर्श, कोतवाली प्रभारी