‘अमर उजाला’ और प्रदेश सरकार के संयुक्त प्रयास से आयोजित नारी सम्मान समारोह में अपनी मेधा के बल पर समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली महिलाओं को सलाम किया गया। शहर के आमघाट स्थित राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों ने नारी शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तीकरण विषय पर विचार व्यक्त करते हुए समाज में विशिष्ट मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि एसपी (सिटी) केशवचंद्र गोस्वामी, जिला विकास अधिकारी आरके पांडेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. धर्मात्मा त्रिपाठी, डिप्टी सीएमओ डॉ. आरके सिन्हा, उप बेसिक शिक्षाधिकारी सीताराम ओझा, राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तिवारी और लूदर्स कांवेंट बालिका इंटर कालेज की प्रधानाचार्य सिस्टर अलफोंसा ने मां सरस्वती के चित्र के सामने दीप प्रज्जवलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
एसपी (सिटी) ने कहा कि माता एवं मातृभूमि स्वर्ग से बढ़कर है। शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान से ही समाज में नारी की तस्वीर बदलेगी। यही तीनों प्रगति के मूल मंत्र हैं। ‘अमर उजाला’ की पहल को सराहते हुए उन्होंने शिक्षा के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए नारी सुरक्षा के संबंध में विभिन्न कानूनों तथा योजनाओं के संबंध में जानकारी दी। कहा कि इस पहल को कामयाब बनाने में सभी का सहयोग जरूरी है। नारी को भी आगे आने की जरूरत बताई।
जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे जिला विकास अधिकारी आरके पांडेय ने शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षित नारी परिवार के साथ समाज का निर्माण करती है। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तिवारी ने इस पहल को आगे बढ़ाने की जरूरत बताई। उप बेसिक शिक्षा अधिकारी सीताराम ओझा ने कहा कि नारी सम्मान से ही परिवार, समाज एवं राष्ट्र का सम्मान है। इसके अलावा लूदर्स कांवेंट बालिका इंटर कालेज की प्रधानाचार्य सिस्टर अलफोंसा, समाजसेवी सविता सिंह, प्राध्यापक दीप्ति सिंह आदि ने कहा कि हम सभी को मिलकर समाज की मानसिकता बदलनी होगी। इससे पहले प्रोजेक्टर के माध्यम से बताया गया कि किस प्रकार प्रदेश सरकार नारी के सम्मान और उसके विकास के लिए कार्य कर रही है।
महाविद्यालय की छात्राओं ने पहले मां सरस्वती की वंदना एवं उसके बाद स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष अंबिका प्रसाद दुबे, महाविद्यालय के डॉ. एसकेएस पांडेय, डॉ. वंदना, डॉ. अमित यादव, डॉ. अमितेन्द्र सिंह, डॉ. शिवकुमार, डॉ. रामप्रकाश कुशवाहा, डॉ. शालिनी सिंह, डॉ. अजीजुर्रहमान, डॉ. सत्येन्द्र सिंह, डॉ. बीएम प्रसाद, डॉ. संतन कुमार, चन्द्रप्रभा सिंह, सरोज कुशवाहा, मीरा राय, मीरा सिंह, मंजू सिंह, रेनू राय, माला सिंह, गीता, गौतम तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। संचालन समाजसेवी विनोद तिवारी ने किया।