कासिमाबाद। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शनिवार को कोतवाली परिसर में महिला परामर्श केंद्र का उद्घाटन किया। एसपी ने कहा कि आज महिलाएं अपने कौशल से भारत के विकास में अपना बढ़-चढ़कर योगदान दे रही हैं। केवल जरूरत यह है कि उनको सशक्त बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि आज महिलाओं को उनके हक और अधिकार देने के लिए केंद्र सरकार के साथ राज्य सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। आज हमारी पुलिस फोर्स में महिलाओं की 20 प्रतिशत तक की हिस्सेदारी हो गई है। इसी तरह से नारी बंधन अधिनियम के तहत भारत के विधानसभाओं और लोकसभा में भी उन्हें प्रतिनिधित्व देने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। हमारी पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज प्रत्येक ग्राम पंचायत में शक्ति दीदी के माध्यम से हर घटना पर पुलिस नजर रख रही है। महिलाओं के उत्पीड़न पर त्वरित कार्रवाई के लिए जिला मुख्यालय के साथ सैदपुर और कासिमाबाद कोतवाली परिसर में महिला परामर्श केंद्र खोले गए हैं। अब उन्हें परामर्श केंद्र के माध्यम से तत्काल और त्वरित कार्रवाई कर न्याय मिलेगा।
एसपी की ओर से क्षेत्राधिकारी कार्यालय के सुंदरीकरण के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की गई। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उनके सहयोग से कासिमाबाद कोतवाली की चहारदीवारी का निर्माण कराया जा सका। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी, तहसीलदार जया सिंह, क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद चोब सिंह, ब्लॉक प्रमुख मनोज गुप्ता, राकेश तिवारी आदि मौजूद रहे।