दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के छपरी गांव में रविवार की सुबह घर के सामने खड़ी एक महिला को तेज रफ्तार रोडवेज बस ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक बस सहित फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतका के पति की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर वह चालक की तलाश में जुट गई।
मालूम हो कि छपरी गांव निवासी सुदेश्वर कनौजिया की पत्नी चांदमुनि देवी (65) रविवार की सुबह घर से कुछ दूरी पर स्थित दुकान से बच्चे के लिए बिस्कुट खरीदकर लौटी और वह घर के सामने खड़ी थी। करीब सात बजे जलालाबाद-सिखड़ी की तरफ से गाजीपुर की तरफ जा रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे कुचल दिया। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह बस सहित फरार हो गया। लोगों ने बस का नंबर नोट कर लिया। गंभीर रूप से घायल होने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग चीख-पुकार करने लगे। मृतका के तीन पुत्र तथा चार पुत्रियां हैं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के पति सुदेश्वर की तहरीर पर बस नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।