गाजीपुर जिले के कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के पुरानीगंज स्थित एक निजी अस्पताल के डॉक्टरों एवं संचालक के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाकर बृहस्पतिवार की रात जमकर हंगामा किया। रात करीब 10.15 बजे कासिमाबाद-मऊ मार्ग को जाम कर दिया। कासिमाबाद एसडीएम लोकेश कुमार और सीओ शुभम वर्मा ने समझा-बुझाकर रात करीब 11.15 बजे जाम समाप्त कराया। इसके बाद पुलिस शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुट गई।
क्या है पूरा मामला
मऊ जनपद के कोपागंज थाना क्षेत्र के कोटवा कोपडा गांव निवासी लक्ष्मण साहनी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गभर्वती पत्नी दया साहनी (22) को प्रसव के लिए बीते 16 सितंबर को आशा कार्यकर्ता और एएनएम ने पुरानीगंज स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां के चिकित्सकों एवं संचालक ने ऑपरेशन की बात बताकर खून चढ़ाने को कहा। परिजन तैयार हो गए।
उधर, डॉक्टरों के खून चढ़ाते ही दया की तबीयत और खराब हो गई। इसी बीच ऑपरेशन से पत्नी का प्रसव भी कराया गया। हालत गंभीर होने पर निजी अस्पताल के डॉक्टरों एवं संचालक ने परिजनों को बिना बताए ही मऊ स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाकर भर्ती करा दिया। जब परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे तो दया की हालत गंभीर थी।
इसे भी पढ़ें; Ghazipur News: बेटे को बचाने गई मां की हमलावरों ने पीट- पीटकर की हत्या, वारदात को अंजाम देकर मौके से भागे
17 सितंबर की देर शाम दया की मौत हो गई, बावजूद मऊ निजी अस्पताल प्रशासन द्वारा जानकारी नहीं दी गई। काफी गुहार लगाने के बाद बृहस्पतिवार को दया का शव परिजनों को सौंपा गया। मृतका के पति ने आरोप लगाया कि पुरानीगंज स्थित अस्पताल के डॉक्टरों एवं संचालक की लापरवाही से पत्नी की मौत हुई है।
उधर, घटना से आक्रोशित परिजन और महिलाओं ने बृहस्पतिवार की देर रात में कासिमाबाद-मऊ मार्ग जाम कर दिया। कासिमाबाद एसडीएम लोकेश कुमार और सीओ शुभम वर्मा ने समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। कासिमाबाद सीओ शुभम वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।