शहर के मछली बाजार जाने वाली हाटस्पाट सड़क सील होने पर तैनात पुलिस कर्मी।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य, मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता ने शनिवार को पंडित मदन मोहन मालवीय इंटर कालेज में गैर प्रांतों से आए व्यक्तियों जिन्हें क्वारंटीन
के लिए रखा गया है उन लोगों से मुलाकात कर उन्हें मास्क तथा बिस्कुट, टॉफी आदि का वितरण किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सकीय जांच एवं 14 दिनों तक निगरानी में रखने के बाद स्वस्थ्य रहने पर ही उन्हें घर भेजा जाएगा। यह छुआछूत की बीमारी है। यहां पर आपको किसी प्रकार की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। साफ-सफाई रखें और सोशल डिस्टेंस का प्रत्येक दशा में पालन करें। इसके बाद अधिकारी द्वय ने तहसील जखनिया के अंतर्गत ग्राम गोदसइया की वनवासी मुसहर बस्ती में पहुंचकर वहां मुसहर परिवारों की जानकारी ली। इसमें बताया गया कि यहां 50 की संख्या में मुसहर परिवार अपना जीवन यापन करते हैं। लॉकडाउन में ऐसे परिवार भुखमरी का शिकार न हों इसके लिए जिलाधिकारी ने उन परिवारों को जन सहयोग से प्राप्त राहत सामग्री तथा मास्क का वितरण किया। इसमें 10 किलो आटा, 10 किलो चावल, पांच किलो आलू, एक किलो चीनी, एक किलो नमक, दो किलो दाल, 100 ग्राम मसाला, 100 ग्राम हल्दी का वितरण कर परिवार के लोगों को घरों में ही रहने की अपील की। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने मुसहर परिवारों में 110 की संख्या में मौजूद बच्चों को बिस्कुट, टाफी एवं मास्क का वितरण कर घरों में ही रहने तथा बाहर से आनेपर अपने-अपने हाथों को साबुन से धोने तथा आपसी दूरी बनाए रखने को कहा। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर संबंधित के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद जिलाधिकारी ने तहसील जखनिया क्षेत्र के ग्राम कवला गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने गेहूं क्रय के संबंध में जानकारी लेने पर मौके पर मौजूद डिप्टी आरएमओ रतन कुमार शुक्ला एवं विपणन निरीक्षक ने बताया कि अभी तक मैनुअली तौर पर 22 लोगों का टोकन जारी किया गया है जबकि शासन का निर्देश है कि किसान के द्वारा पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करके ही उसे टोकन प्राप्त होगा। बताया गया कि आज केंद्र पर तीन लोगों के माध्यम से 67 कुंतल गेहूं क्रय किया गया जिस पर जिलाधिकारी ने स्वयं किसान अरविंद सिंह से दूरभाष के माध्यम से वार्ता कर जानकारी ली। जिलाधिकारी ने जिले के किसानों से अपील किया कि वह अपना आनलाइन रजिस्ट्रेशन कराकर टोकन प्राप्त कर लें। ताकि उन्हें गेहूं विक्रय में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।