आखिरकार दूकानदारों और नगरवासियों को सहूलियत दिलाने के लिए शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष एवं युवा समाजसेवी विवेक सिंह शम्मी की अगुवाई में शुरू हुआ अनिश्िचितकालीन क्रमिक अनशन का मंगलवार को दूसरे दिन ही असर दिखा। 30 मई से पहले निर्माण कार्य पूरा कर ओवरब्रिज चालू कर दिया जाएगा। मंगलवार की शाम अनशनस्थल पर पहुंचे सदर एसडीएम एके सिंह के समक्ष सेतु निगम के अधीक्षण अभियंता की ओर से इस आशय का लिखित पत्र विवेक सिंह शम्मी को दिया गया। इस पर उन्होंने क्रमिक अनशन समाप्त कर दिया।
धीमी गति से किए जा रहे रौजा ओवरब्रिज निर्माण से शहर में भयंकर जाम लगता है। रौजा क्षेत्र के व्यवसाइयों की दूकानदारी पूरी तरह से चौपट हो गई है। इसमें कई दूकानदार तो ऐसे हैं, जिनके समक्ष भुखमरी की नौबत पैदा हो गई है। ओवरब्रिज का निर्माण कार्य बीते दिसंबर माह में ही पूरा होना था लेकिन निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही के चलते जब काम पूरा नहीं हुआ तो समाजसेवी विवेक सिंह शम्मी की ओर से सर्वदलीय लोगों के साथ दो बार धरना प्रदर्शन किया गया।
इस पर उन्हें 30 मार्च तक निर्माण कार्य पूरा कर दिए जाने का लिखित आश्वासन दिया गया लेकिन तय समय पर कार्य पूरा नहीं होने पर फिर वह आंदोलित हो गए। बीते सोमवार को सभी दलों के साथ उनकी ओर से टैक्सी स्टैंड के पास क्रमिक अनशन शुरू कर दिया, जिसमें विभिन्न वर्गों ने भाग लिया। उनका कहना था कि जब तक तय समय में काम पूरा करने का लिखित पत्र नहीं मिलेगा, अनशन चलता रहेगा।
मंगलवार को भी देर शाम तक अनशन चलता रहा। इसकी सूचना पर सदर एसडीएम एके सिंह ने सेतु निगम के अधिकारियों को मौके पर बुलवाया। अनशनस्थल पर पहुंचकर उन्होंने वार्ता की। शम्मी सिंह का कहना था कि ओवरब्रिज के निर्माण में जानबूझ कर लापरवाही बरती जा रही है। इसकी वजह से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ओवरब्रिज का निर्माण जनता की सहूलियतों को ध्यान में रखते हुए कराया जा रहा है।
इसमें नगरवासी भी पूरा सहयोग कर रहे हैं। इसलिए ओवरब्रिज का निर्माण जल्द से जल्द पूरा कराते हुए आवागमन सुचारू कराया जाए। उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम के समक्ष सेतु निगम के अधीक्षण अभियंता की ओर से उन्हें लिखित पत्र देकर आश्वस्त किया गया कि 30 मई के पहले हरहाल में निर्माण कार्य पूरा कराकर ओवरब्रिज पर आवागमन शुरू करा दिया जाएगा। इस पर समाजसेवी ने क्रमिक अनशन समाप्त कर दिया।
साथ ही चेतावनी भी दी कि यदि इस समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया तो आगे जनांदोलन किया जाएगा। इस मौके पर दीपक सिंह, अनूप खरवार, कमलेश यादव, रुपेश सिंह, धर्मेंद्र सिंह, तुलसी, अविनाश राय, सोनी सिंह, बृजेश राय, डा. धर्मेंद्र आदि मौजूद थे।