शहर कोतवाली क्षेत्र की आमघाट कालोनी के रामसकल सिंह के अहाते में बुधवार की सुबह एक जंगली सुअर घुस गया। इसकी जानकारी होने पर कालोनी के लोगों ने सुअर को घेरना शुरू किया और सुअर बचने के लिए आसपास के इलाकों
में भागता रहा। इससे दहशत का माहौल पैदा हो गया। इस दौरान सुअर ने हमला कर एक अधिवक्ता सहित छह लोगों घायल कर दिया। बाद में लोगों ने उसे पीट पीट कर मार डाला।
आमघाट कालोनी में आज सुबह एक जंगली सुअर घुस गया। लोग दहशत के मारे इधर-उधर भागने लगे। लोगों ने सुअर को घेरने का प्रयास किया तो उसने अधिवक्ता कृपाशंकर राय पर हमला कर दिया। वे घायल हो गए। लोग
यही सोच रहे थे कि इतनी घनी बस्ती में जंगली सुअर का प्रवेश कहा से हो गया। इसके बाद शोर सुनकर सुअर दीवार फांदकर लाल कोठी में घुस गया। लोगों ने पीछा किया तो वह महिला कालेज रोड पर पहुंच गया। उसे देखते ही
राहगीर इधर-उधर भागने लगे। हड़बड़ी में कई बाइक सवार गिर पडे़। घिरता देख वह एक मकान के अंदर घुस गया। कुछ ही देर में वहां पुलिसकर्मी भी पहुंच गए लेकिन किसी का साहस नही हो पा रहा था कि उसके पास जा सके।
इसके बाद जंगली सुअर अपने आप को बचाने के लिए एक खाली पडे़ अहाते में घुस गया जहां लोगों ने उसे पत्थर से मार-मार कर चोटिल कर दिया। घंटों प्रयास के बाद लोगों ने उसे मार गिराया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।