गाजीपुर जिले के मरदह थाना क्षेत्र के पड़िता गांव में बुधवार की सुबह एक जंगली सूअर ने खेत में काम कर रहे आधा दर्जन लोगों पर हमला बोल दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल एक किशोर की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
इलाके के पड़िता गांव में कुछ लोग खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब आठ बजे कहीं से आए जंगली सूअर ने हमला बोल दिया। इस हमले में गांव निवासी रंपत यादव, विवेक कुमार, प्रिंस यादव, नागेंद्र पासवान, गुलशन पासवान मामूली रूप से जख्मी हुए, जबकि अवधेश यादव का पुत्र मंजीत यादव (17) गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिवार के लोग आनन-फानन में उपचार के लिए उसे मऊ में स्थित एक अस्पताल में ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक कक्षा दस का छात्र था। उसकी मौत से घर में कोहराम मच गया। इस घटना को लेकर नोनरा, पड़िता, मरदह, कैथवली, जागोपुर, रायपुर बाघपुर, डोड़सर गांवों में दहशत का माहौल है।
कुछ ग्रामीणों का कहना था हमला करने वाले जंगली सूअर को ग्रामीणों ने घेरकर मार डाला। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक शरदचंद त्रिपाठी ने बताया कि जंगली सूअर के हमले में मंजीत की मौत की सूचना मिली है, लेकिन जंगली सूअर के मारे जाने की सूचना नहीं है।
जंगली सूअर का अभी तक पता नहीं चल पाया है। बताया कि मृतक की मां चिंता देवी की तहरीर पर शव को कब्जे में ले लिया गया है। क्षेत्रीय लेखपाल ने मौका मुआयना कर एसडीएम को रिपोर्ट सौंपी। एसडीएम कासिमाबाद रमेश मौर्य ने बताया कि पीड़ित परिवार को मदद मिलेगी।