सुहवल। कोरोना की वजह से हुए लाकडाऊन के चलते अब तक बंद पड़े गंगा नदी पर रेल कम रोड ब्रिज सहित अन्य निर्माण का कार्य बुधवार को सशर्त शुरू हो गए हैं। कुछ शर्तो के साथ जिलाधिकारी ओम प्रकाश आर्य ने इसकी अनुमति प्रदान की है। विभागीय इंजीनियरों कर्मियों के द्वारा पूरे प्लांट, निर्माण स्थल के सेनेटाइजेशन कराने के बाद सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए निर्माण कार्य आज पुन: शुरू कर दिया गया। देश में कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए सरकार 22 मार्च को जनता कर्फ्यू का आह्वान किया था। इसके एक दिन पहले 21 मार्च को ही रेलवे के अधिकारियों के निर्देश पर इस परियोजना के तहत हो रहे कार्य को अगले आदेश तक बन्द कर दिया था। आज आदेश मिलने के बाद सुबह से ही स्पैन लांचिंग, फेंडरवाल, निर्माणाधीन रेलवे स्टेशन, सोनवल, गाजीपुर घाट, पर काम शुरू हो गया। इस अवसर पर आलोक मुखर्जी, राकेश, विनय, राजकरन आदि मौजूद रहे।