गंगौली चट्टी के पास ट्रक की चपेट में आने से-----मृतका सुनीता शर्मा की फाइल फोटो। स्रोत- परिजन
गंगौली। कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के गंगौली शिवमंदिर पोखरा के सामने कासिमाबाद-यूसुफरपुर मार्ग पर शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रक के धक्के से पत्नी की मौत हो गई, वहीं, बाइक चला रहे पति बाल-बाल बच गए। पति-पत्नी दवा लेने के लिए बाइक से कासिमाबाद जा रहे थे। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया।
कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी सुरेश कुमार के अनुसार डाही गांव निवासी अजय शर्मा के छोटे भाई दीपक शर्मा ने तहरीर देकर बताया कि सुबह 10.30 बजे वह बाइक से पत्नी सुनीता शर्मा (36) को लेकर दवा लेने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जा रहे थे। गंगौली शिवमंदिर पोखरा के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में धक्का मार दिया। हादसे में सुनीता शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि अजय शर्मा बाल-बाल बच गए। जब तक आसपास के लोग घटना स्थल पर पहुंचते, चालक ट्रक लेकर भाग गया। ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल सुनीता शर्मा को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। तब तक परिवार के अन्य सदस्य भी सीएचसी पहुंच गए। परिजन गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए। जहां उपचार के दौरान सुनीता शर्मा की मौत हो गई। कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि मृतका के देवर दीपक शर्मा की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही ट्रक व चालक को चिह्नित करने में पुलिस टीम जुटी हुई है।