बरेसर थाना के लखनौली गांव के पास बाराचवर-रसड़ा मार्ग पर पीछे से आ रही एक बाइक का चालक दंपती की बाइक को ओवरटेक करने का प्रयास करने लगा। इसी बीच, रसड़ा की ओर से सामने से आ रहे बालू लदे ट्रेलर से रणजीत की बाइक टकरा गई और असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई।
इधर बाइक सवार कुसुम देवी और दोनों बच्चियां अनन्या एवं कृति ट्रेलर के पहिए के नीचे चली गईं, जिससे मौके पर ही तीनों की कुचलकर मौत हो गई। जबकि पति रणजीत दूसरी तरफ गिरने से बाल-बाल बच गया। घटना के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर भाग निकला। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रात 7.15 बजे बाराचवर-रसड़ा मार्ग जाम कर दिया।
बरेसर थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि रात 9.10 बजे मुहम्मदाबाद एसडीएम डा. हर्षिता तिवारी और कासिमाबाद एसडीएम लोकेश कुमार के साथ मुहम्मदाबाद सीओ सुधाकर पांडेय के समझाने पर जाम समाप्त हो गया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।