जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन बाजार में कुछ लोगों ने घर में कूड़ा फेंकने की वजह पूछने पर दंपती को पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। शुक्रवार को पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
कोतवाल रामसजन नागर ने बताया कि गांधी चौक स्टेशन बाजार निवासी आकांक्षा जायसवाल ने तहरीर देकर जानकारी दी कि बीते 25 दिसंबर की शाम करीब सात बजे वाराणसी से इलाज कराकर घर लौटी तो देखा कि घर के अंदर पड़ोसी सुरेंद्र प्रसाद जायसवाल, सूरज जायसवाल, शुभम जायसवाल और अनीता देवी ने कूड़ा डाल दिया था।
जब पड़ोसियों से इसकी वजह पूछी गई तो वह भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।
आरोपियों ने मारपीट पीड़िता को घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे पति संदीप कुमार जायसवाल को भी आरोपियों ने पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी भी दी। कोतवाली प्रभारी रामसजन नागर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर सुरेंद्र प्रसाद जायसवाल, सूरज जायसवाल, शुभम जायसवाल और अनीता देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।