गाजीपुर। कोरोना के प्रकोप के चलते जिले में गेहूं की खरीद बुधवार से शुरू होगी। शासन की ओर से इस बार 71500 मीट्रिक टन लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए विभिन्न संस्थाओं के 52 क्रय केंद्रों को खरीद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निर्देश के बाद विपणन विभाग की ओर से तैयारी की गई है।
शासन की ओर से इस वर्ष जिले को 71 हजार 500 एमटी गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसमें विपणन शाखा 28000, पीसीएफ 22000, एग्रो 4000, कर्मचारी कल्याण निगम 4000, पीसीयू 5000, एनसीसीएफ 7000 एवं भारतीय खाद्य निगम को 1500 मीट्रिक टन आवंटित है। इसके लिए, विभिन्न संस्थाओं विपणन शाखा 16, पीसीएफ 17, एग्रो तीन, कर्मचारी कल्याण निगम तीन, पीसीयू पांच, एनसीसीएफ सात एवं भारतीय खाद्य निगम एक सहित कुल 52 केंद्र अनुमोदित हुए हैं। 15 अप्रैल से शुरू होने वाली खरीद के लिए गेहूं का समर्थन मूल्य 1925 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है। जिले में 1121 किसानों ने पंजीकरण कराया है। तहसील कासिमाबाद एवं मुहम्मदाबाद, तहसील-जमानिया एवं सेवराईं, तहसील सैदपुर एवं जखनियां के कृषक संयुक्त तहसीलों में एवं तहसील सदर के कृषक अपने तहसीलों में स्थित केंद्रों पर गेहूं विक्रय के लिए स्वतंत्र होंगे। मालूम हो कि कोरोना के कहर के चलते जिले में एक पखवारे विलंब से खरीद शुरू हो रही है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी रतन कुमार शुक्ला ने बताया कि कृषकों को ऑनलाइन केंद्रों से टोकन निर्गत किया जाएगा। कोरोना वायरस को देखते हुए क्रय केंद्रों पर सामाजिक दूरी का पालन किया जाएगा।