गाजीपुर। जिले में मिल रहे कोरोना संक्रमण के मरीजों से संबंधित गांवों तथा हाटस्पाट एरिया में जोरशोर से सैनिटाइजेशन का काम किया जा रहा है। इसके साथ ही नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों, ग्राम पंचायत स्तर पर साफ-सफाई और दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है।
मुहम्मदाबाद के वकीलबाड़ी यूसुफपुर, मनिहारी के चकबाकर, रेवतीपुर, सदर ब्लाक के डिलिया, दुल्लहपुर, मनिहारी ब्लाक के यूसुफपुर खड़बा एवं सदर ब्लाक के बभनौली गांव में मरीजों के मिलने के बाद कर्मचारियों ने जोरशोर से सैनिटाइज किया। इसी प्रकार, बिरनो थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में एक साथ सात मरीज मिले। वहां की गलियों और लोगों के दरवाजों तक की साफ-सफाई कर दवा का छिड़काव किया गया। इसके साथ ही दुल्लहपुर के भीखमपुर, मनिहारी के भरथना, नोनहरा के फतेहपुर अंटवा, बयेपुर देवकली, गरुआ मकसूदपुर, सरया को भी जोर शोर से अभियान चलाकर सैनिटाइज किया गया। मरदह के नसीरुद्दीनपुर, नंदगंज के खिजिरपुर, करंडा के कुचौरा, शादियाबाद के सरायगोकुल, राजूपुर, भुड़कुड़ा, मोहनपुरवा, शादियाबाद के चौकड़ी चौरा आदि गांवों में भी यह अभियान चलाया गया। जिले में सरकारी कर्मचारियों के अलावा निजी संस्थाएं तथा समाजसेवी भी इस काम में सहयोग कर रहे हैं। सोमवार को सिखड़ी बाजार तथा यहां बनाए गए क्वारंटीन सेंटर को सैनिटाइज किया गया। इसी क्रम में, काशी गोमती बैंक, ग्राहक सेवा केंद्र तथा क्वारंटीन सेंटर पर तैनात पुलिस के जवानों को निशुल्क हैंड सैनिटाइजर का वितरण किया गया। इस मौके पर समाजसेवी उत्कर्ष तिवारी, परमेश यादव, भावेश, रामनारायण, नंदलाल यादव, गोलू आदि ने सराहनीय भूमिका निभाई। इसी प्रकार, फतेहपुर सिकदर, कालीधाम कालोनी, शिवधाम कालोनी में संजय मोदनवाल, शशांक उपाध्याय, दुर्गेश राय, दीपक श्रीवास्तव, सौरभ सिंह आदि ने दवा का छिड़काव किया। इसी क्रम में शहर में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव मैलाथियान 50 प्रतिशत एवं ब्लीचिंग का घोल तैयार कर नियमित रूप से प्रतिदिन शाम को फागिंग कराई जा रही है। इसके अतिरिक्त महुआबाग मस्जिद, पुरानी सब्जी मंडी, बड़ापुरा मरकज, मछली बाजार, नई सब्जी मंडी, रेलवे क्रासिंग, रायल पैलेस बंशीबाजार, यूनियन रोजगार आईटीआई, रेलवे प्रशिक्षण केंद्र, पुलिस लाइन, मिश्र बाजार, न्यू मार्केट, रेलवे ट्रेनिंग सेंटर कचहरी रोड, मोहनपुरवा एवं नूरूद्दीनपुरा में विशेष सफाई एवं सैनिटाइजेशन किया गया। दिलदारनगर में ब्रिगेडियर नगर, हाटस्पाट स्थल जामा मस्जिद, मदीना मस्जिद आदि स्थानों पर सैनिटाइजेशन एवं फागिंग कराई गई।