सेवराई। तहसील सेवराई अंतर्गत ग्राम सभा सेवराई में प्रस्तावित सरकारी अंग्रेजी शराब की दुकान को लेकर क्षेत्र में सोमवार को भारी विरोध देखने को मिला। एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मांग किया कि राजस्व टीम से जांच कराकर शराब की दुकान को वर्तमान स्थान के बजाय कहीं और लिंक रोड पर स्थापित कराया जाए। किसान नेता भानु प्रताप सिंह, कंचन सिंह, पंकज सिंह, रजनीकांत सिंह, संदीप सिंह ने कहा कि प्रस्तावित शराब दुकान से लगभग 50 मीटर की दूरी पर प्राथमिक विद्यालय सतरामगंज बाजार, 200 मीटर के भीतर कम्पोजिट विद्यालय सेवराई और करीब 225 मीटर की दूरी पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा स्थित है।
इसके अलावा 200 मीटर के दायरे में करीब 200 वर्ष पुराना प्राचीन शिव मंदिर, हाल ही में स्थापित भव्य साई मंदिर और शनि देव की प्रतिमा भी मौजूद है। जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं और बच्चे दर्शन के लिए पहुंचते हैं। कहा कि इस मार्ग से लगभग 25 गांवों का आवागमन होता है। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में छात्राएं और महिलाएं कोचिंग, सिलाई, कंप्यूटर शिक्षा और मेडिकल की तैयारी के लिए इसी रास्ते से गुजरती हैं। इस मौके पर किसान नेता भानु प्रताप सिंह, कंचन सिंह, पंकज सिंह, रजनीकांत सिंह, संदीप सिंह, सतीश सिंह, पंकज यादव, आशुतोष सिंह, समीर सिंह, विनोद आदि मौजूद रहे।