गंगौली। कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के गंगौली गांव में एक युवक द्वारा कथित तौर पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में शिया समुदाय के कुछ लोगों ने बृहस्पतिवार की रात तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस आरोपी युवक को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई में जुट गई।
कोतवाल राजनारायण ने बताया कि चावनपुरगनी गांव निवासी मौलाना सैयद, मोहम्मद हैदर, सैयद सेराज हैदर, सैयद जफर अब्बास, सैयद हस्तम अली ने आरोप लगाया कि रात करीब आठ बजे सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था। आरोप है कि वीडियो में एक युवक शिया समुदाय के धर्मगुरु सैयद अली खामनेई के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग कर धमकी दे रहा है, जिससे समाज में आक्रोश है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि गंगौली निवासी सुशील राजभर ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राज नारायण ने बताया कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए आरोपी गंगौली निवासी सुशील को उसके घर से गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।