बिरनो। प्रयागराज महाकुंभ को जाने वाले मार्ग पर वाहनों की भीड़ लंबी होने से मंगलवार की देर शाम छह बजे पुलिस ने ट्रक, ट्रेलर सहित व्यावसायिक वाहनों को मिर्जापुर क्यामपुर टोल प्लाजा के पास रोक दिया। रात दस बजे से वाहनों को छोड़ना शुरू किया जो रात 12 बजे तक चला।
माघी पूर्णिमा पर महाकुंभ में स्नान के लिए बिहार, बंगाल, नेपाल सहित अन्य जगहों से तीर्थयात्री गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन से होकर वाहनों का आवागमन जारी था। इधर प्रयागराज को जाने वाले मार्ग पर भीड़ बढ़ते ही शाम करीब छह बजे से पुलिस ने मिर्जापुर क्यामपुर टोल प्लाजा के आस-पास ट्रकों और व्यावसायिक वाहनों को रोकना शुरू कर दिया। देखते ही देखते 250 बड़े वाहनों की कतार टोल प्लाजा के दोनों तरफ लग गई। थानाध्यक्ष बिंद कुमार ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद प्रयागराज मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने से बड़े वाहनों को रोक दिया गया था। दबाव कम होने के बाद वाहनों को छोड़ दिया गया।